• Wed. Sep 16th, 2026

मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने मुंगेर तथा भागलपुर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, राहत शिविरों में जाकर बाढ़ पीड़ितों से की मुलाकात, राहत कार्य का किया निरीक्षण

ByAryabhatta news

Sep 16, 2026

पटना / मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री-सह-ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ मुंगेर जिला के नवागढ़ी, शीतलपुर स्थित इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय, सीताकुंड परिसर तथा भागलपुर जिला के भागलपुर पॉलिटेक्निक राहत शिविर में संचालित निःशुल्क बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने नवागढ़ी, शीतलपुर स्थित इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय परिसर में बनाए गए निबंधन काउंटर, सामग्री वितरण केंद्र, मानव चिकित्सा केंद्र के अंतर्गत अस्थायी बाढ़ राहत स्वास्थ्य शिविर, आई०सी०डी०एस० केंद्र, बाढ़ राहत पशु चिकित्सा शिविर, सामुदायिक रसोई केंद्र तथा अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं राहत व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान मुंगेर के जिलाधिकारी श्री निखिल धनराज निप्पनिकर एवं भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय ने मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत कार्य, स्वास्थ्य सेवाओं, प्रभावित जनसंख्या, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, गोताखोरों तथा आपदा मित्रों की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।मुख्यमंत्री एवं केन्द्रीय मंत्री ने पॉलिटेक्निक कॉलेज, भागलपुर में चलाये जा रहे बाढ़ राहत शिविर का निरीक्षण किया। वहां मनोरंजन कक्ष में छोटे-छोटे बच्चों से मुलाकात की। साथ ही बाढ़ राहत शिविर में मौजूद लोगों से बातचीत की और उनकी समस्यायें सुनी।मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने बताया कि यहां पर स्वास्थ्य, कम्युनिटी किचन और अन्य सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।बाढ़ राहत शिविर के निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित जरूरतमंद परिवारों के बीच डिग्निटी किट का वितरण किया। उन्होंने अस्थायी आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों एवं राहत शिविर में आवासित बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत की तथा शिविर में उपलब्ध कराई जा रही भोजन, स्वास्थ्य, सामग्री एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव मदद कर रही है। बाढ़ प्रभावित परिवार अपनी समस्याओं को स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी के समक्ष अवश्य रखें। उनकी जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित 8.5 लाख से अधिक परिवारों को अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि मुंगेर और भागलपुर के बीच 83 किलोमीटर एलिवेटेड रोड के स्थान पर एट-ग्रेड सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क प्रोटेक्शन वॉल के रूप में भी कार्य करेगी, जिससे बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा में मदद मिलेगी। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री-सह-ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए बिहार सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है। हमलोगों ने विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं दौरा किया तथा प्रभावित परिवारों से बातचीत की है। पिछले 10-12 दिनों से प्रभावित लोगों के लिए भोजन, दवाइयों, वस्त्र सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। केंद्र सरकार भी बिहार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। बाढ़ के कारण फसलों, पशुओं एवं अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन कर केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। नुकसान के आकलन के लिए कृषि विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग की केंद्रीय टीमें बिहार पहुंची हैं। क्षति का आकलन कर प्रभावित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक कुमार प्रणय, विधायक नचिकेता सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ० चंद्रशेखर सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारी एवं बाढ़ प्रभावित परिवार उपस्थित थे।

Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed