दानापुर : 77 वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक दानापुर कार्यालय प्रागंण में स्वतंत्रता दिवस हर्षोउल्लास पुर्वक मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक, दानापुर जयंत कुमार चौधरी द्वारा झण्डोत्तोलन किया गया तत्पश्चात उन्होंने वहां उपस्थित रेलवे सुरक्षा बल, स्काउट एवं गाईड दल का निरीक्षण किया।

स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर मौजूद गणमान्य लोगों को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि आज के इस पावन अवसर पर मैं देश की स्वाधीनता संघर्ष में मातृभूमि के लिए बलिदान होने वाले अमर शहीदों देश के लिए सर्वस्व निछावर करने वाले जननायकों एवं सभी स्वतंत्रता सेनानियों को कोटि-कोटि नमन करता हूँ।
देश आजादी का अमृत काल मना रहा है और इसी कड़ी में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 -15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने हेतु सभी रेल कर्मियों को राष्ट्रीय झंडा ” तिरंगा” प्रदान किया गया। इस मुहिम का उद्देश्य देश प्रेम की भावना जागृत करना एवं उन महानायेकों के योगदान को याद करना है जिन्होंने अथक प्रयास एवं अटूट बलिदान के द्वारा देश की आजादी एवं नवनिर्माण में अप्रतिम योगदान दिया।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के दिन दानापुर मंडल में नौ स्टेशनों पर “फोटो प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया ताकि देश की युवा पीढ़ी उस दंश, विभीषिका एवं पलायन की मानवीय त्रासदी को जान सके तथा इतिहास से यह सीख सके कि आपसी प्रेम एवं भाईचारा मानवीय सभ्यता के लिए अति महत्वपूर्ण है।
छः अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय रेल के स्टेशनों के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण के लिए “अमृत भारत स्टेशन योजना” के तहत देश के 508 स्टेशनों के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। इसमें दानापुर मंडल के 13 स्टेशनों को भी शामिल किया गया है। इस योजना के अंतर्गत इन स्टेशनों का पुनर्विकास कर विश्वस्तरीय बनाया जाएगा। इनका पुनर्विकास स्थानीय संस्कृति, विरासत को ध्यान में रखकर होगा और आधुनिक सुविधाएं होंगी। इनका विकास सिटी सेंटर्स के तौर पर होगा तथा स्टेशनों के बाहर ट्रैफिक की स्मार्ट व्यवस्था उपलब्ध होगी। इन 13 स्टेशनों की लागत खर्च लगभग 295 करोड़ रुपए है।

इसके पूर्व माननीय प्रधानमंत्री द्वारा दिनांक 27.6. 2023 को यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर पटना और रांची के मध्य अत्याधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त सेमी हाई स्पीड “वंदे भारत ट्रेन” के परिचालन का शुभारंभ किया गया।

देश के नवनिर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका है। दानापुर मंडल अटूट प्रतिबद्धता के साथ समेकित प्रयास से यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण यात्रा हेतु निरंतर प्रयत्नशील है।
तत्पश्चात दानापुर मंडल में इस वित्तीय वर्ष के दौरान हुई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रस्तुत किये।
77 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडल संस्कृतिक कला संगठन द्वारा अल्प अवधि के प्रस्तुति में देश भक्ति के गीत,नृत्य नाटिका एवं झांकियों के माध्यम से मनाए जाने वाले त्योहारों की प्रस्तुति कर लोगों को बताया।
इस मौके पर महिला कल्याण संगठन, दानापुर की अध्यक्षा, शालिनी चौधरी संगठन की सदस्याओं के साथ मौजूद रहीं,साथ ही साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा.) सहित सभी शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मंडल कार्मिक अधिकारी तथा धन्यवाद ज्ञापन, मंडल कार्मिक अधिकारी द्वारा किया गया।

वहीं 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दानापुर मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा शालिनी चौधरी द्वारा महिला कल्याण संगठन द्वारा संचालित लिटिल ब्लॉसम स्कूल,दानापुर में झंडोत्तोलन किया गया तथा अध्यक्षा एवं संगठन के अन्य सदस्यों द्वारा दानापुर मंडल अस्पताल में मरीजों के मध्य फल का वितरण किया गया।