कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने आज वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत स्वीकृत विभिन्न कृषि योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा राज्य के सभी जिलों के जिला कृषि पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की। समीक्षात्मक बैठक में प्रधान सचिव, कृषि विभाग, बिहार नर्मदेश्वर लाल, कृषि निदेशक, सौरभ सुमन यादव, उद्यान निदेशक, अभिषेक कुमार तथा विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।बैठक के दौरान माननीय कृषि मंत्री ने योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता किसानों तक योजनाओं का लाभ निर्धारित समय सीमा में पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर शिथिलता, विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व स्वीकृत राशि का लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को योजनाओं का पूर्ण लाभ प्राप्त हो सके मंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में उदासीनता बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। किसानों को लाभ पहुँचाने में यदि किसी स्तर पर बाधा उत्पन्न होती है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाब देही तय करते हुए अनुशासनात्मक कदम उठाए जाएंगे।उन्होंने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा करें तथा प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट समय-समय पर राज्य मुख्यालय को उपलब्ध कराएँ। लाभुक चयन, स्वीकृति, भुगतान एवं कार्यान्वयन की प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और त्वरित बनाते हुए अनावश्यक विलंब समाप्त करने पर विशेष जोर दिया गया।माननीय मंत्री ने जिला एवं प्रखंड स्तर पर मॉनिटरिंग तंत्र को और सुदृढ करने का निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी फाइल लंबित न रहे और योजनाओं का लाभअंतिम किसान तक समय पर पहुँचे।उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए सरकार के निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करें। माननीय कृषि मंत्री ने दोहराया कि किसानों के हित सर्वोपरि हैं और योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में विभाग के सभी संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
समय पर योजनाओं का कार्यान्वयन सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई -राम कृपाल यादव
